पुष्पक विमान से अयोध्या पहुंचे प्रभु श्रीराम, सीएम योगी ने रथ खींचकर किया स्वागत
दसवें दीपोत्सव पर रामनगरी में दिखा त्रेतायुग का दृश्य, पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठी अयोध्या
#अयोध्या। दसवें दीपोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को रामनगरी अयोध्या में भक्ति और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पुष्पक विमान से प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप अयोध्या पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच स्वयं प्रभु श्रीराम के रथ को खींचकर अपनी श्रद्धा प्रकट की। इस अवसर पर आसमान से पुष्पवर्षा की गई और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।
दीपोत्सव के आयोजन में भगवान श्रीराम के वनवास से लौटकर अयोध्या पहुंचने के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। पुष्पक विमान से आगमन और रथ पर सवार प्रभु श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। पूरे आयोजन में रामायणकालीन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।