#Balrampur ! दीपावली पर बलरामपुर पुलिस अलर्ट, सीमा से बाजार तक कड़ा पहरा...
बाजारों में पैदल गश्त, इंडो-नेपाल सीमा पर पुलिस-एसएसबी की संयुक्त चेकिंग; ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी...
#बलरामपुर। दीपावली पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बलरामपुर पुलिस ने जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी है। एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त व सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिसकर्मी व्यापारियों और आमजन से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की जा रही है।
इसी क्रम में इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों में भ्रमण कर चेकिंग की। ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों और संभ्रांत लोगों से संवाद कर संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर नजर रखने तथा तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया।
सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी होगी, जबकि सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर साइबर सेल नजर रखेगी। एएसपी विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने आमजन से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
#balrampurpolice