थाना दुधारा के औचक निरीक्षण में क्षेत्राधिकारी ने दिए जरूरी निर्देश, उत्कृष्ट कार्य पर दो रिक्रूट आरक्षी सम्मानित
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में दिनाँक 20.08.2026 को क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय द्वारा थाना दुधारा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना कार्यालय एवं विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जाँच करते हुए थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के उपरांत क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद द्वारा थाने पर नियुक्त सभी विवेचकों के साथ गोष्ठी कर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों को समयबद्ध एवं न्यायोचित राहत दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा विवेचनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद द्वारा थाना दुधारा पर तैनात रिक्रूट आरक्षियों के साथ विशेष बैठक कर उन्हें पुलिसिंग के बुनियादी गुर, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा जनता के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
थाना क्षेत्र में अपने कार्यों के प्रति उत्कृष्ट लगन एवं सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 02 रिक्रूट आरक्षियों को क्षेत्राधिकारी द्वारा ₹500-₹500 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हर्ष सिंह रिक्रूट आरक्षी को साइबर सेल से संबंधित मामलों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य हेतु ₹500 नगद पुरस्कार तथा सेजल रावत महिला रिक्रूट आरक्षी को आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु ₹500 नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।