4.80 लाख लेकर जमीन से मुकरा चाचा, परिवार संग भतीजे पर हमला
संतकबीर नगर के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के कांछा गांव और मोहल्ला बगहिया में जमीन के विवाद को लेकर चाचा-भतीजे के रिश्ते में तनाव का मामला सामने आया है।
पीड़ित पंकज कुमार ने पुलिस अधीक्षक संतकबीर नगर को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, जमीन का सौदा करीब 5 लाख रुपये में तय हुआ था।
आरोप है कि चाचा ने 3 लाख रुपये नकद और 1 लाख 80 हजार रुपये फोन के माध्यम से लेकर मौके पर कब्जा भी दे दिया था। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने वहां दीवार का निर्माण करा लिया।
आरोप है कि कुछ समय बाद चाचा रजिस्ट्री करने से मुकर गए और जमीन देने से इनकार कर दिया। इसी विवाद को लेकर 16 अगस्त की सुबह राजेश, मुन्ना कुमार, अवनीश कुमार, विनीश कुमार, अम्बा कुमार, मोना देवी और दो अज्ञात लोग लाठी-डंडे, सब्बल, हथौड़ा और लोहे की रॉड लेकर निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे।
आरोप है कि आरोपियों ने पहले दीवार तोड़नी शुरू की और विरोध करने पर पंकज कुमार तथा उनके पिता लाला राम के साथ मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि शोर सुनकर परिवार के लोगों ने किसी तरह मौके से बचकर जान बचाई। मामले में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।