बेबीलैंड हॉस्पिटल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर में नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
संतकबीरनगर के खलीलाबाद स्थित बेबीलैंड हॉस्पिटल एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर में नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पिता सुमित कुमार श्रीवास्तव ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली खलीलाबाद में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 17 अगस्त को सुमित कुमार ने प्रसव के लिए अपनी गर्भवती पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। परिजनों का दावा है कि 19 अगस्त की सुबह नवजात को अस्पताल में टीका लगाया गया। इसके कुछ देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी और उसका शरीर नीला पड़ गया।
पिता का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब दो से तीन घंटे तक डॉक्टर या जिम्मेदार स्टाफ बच्ची को देखने नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों को बच्ची की मौत की जानकारी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, अस्पताल पक्ष का बयान सामने नहीं आया है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।