चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय यज्ञ दिवस पर हनुमान जोहड़ी धाम में 108 कुण्डीय महायज्ञ आज, हुआ यज्ञवेदी पूजन
यज्ञ से आत्मिक और मानसिक शांति मिलने के साथ पर्यावरण भी होता है शुद्ध और आरोग्यप्रद : चरणदास महाराज
भिवानी, 16 सितंबर : स्थानीय हनुमान ढ़ाणी स्थित हनुमान जोहड़ी धाम में चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय यज्ञ दिवस के उपलक्ष्य में 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन 17 सितंबर को अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा। जगदगुरु त्रिपुरा पीठाधीश्वर चक्रवर्ती यज्ञ सम्राट श्रीश्री 1008 हरिओम महाराज के सानिध्य और हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज के नेतृत्व में इस विशाल धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं में इस दिव्य आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। महायज्ञ के भव्य आयोजन की श्रृंखला में बुधवार को हनुमान जोहड़ी मंदिर परिसर में यज्ञवेदी का पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनेक पूज्य संतों की उपस्थिति में मुख्य यजमानों ने यज्ञवेदी की पूजा-अर्चना कर महायज्ञ के निर्विघ्न संपन्न होने की प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय और दिव्य ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने बताया कि चतुर्थ अंतर्राष्ट्रीय यज्ञ दिवस के अवसर पर 108 यज्ञ कुण्डों पर एक साथ गायत्री मंत्र की आहुतियां देना अत्यंत अद्वितीय, अलौकिक और कल्याणकारी अनुभव होगा। चरणदास महाराज ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य हर घर यज्ञ, घर-घर यज्ञ के पावन संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यज्ञ से न केवल आत्मिक और मानसिक शांति मिलती है, बल्कि इससे पर्यावरण भी शुद्ध और आरोग्यप्रद बनता है। महंत चरणदास महाराज ने बताया कि महायज्ञ का शुभारंभ 17 सितंबर को प्रात: 8 बजे से होगा। इस दौरान 108 कुण्डों पर एक साथ आहुतियां दी जाएंगी, जिससे पूरा क्षेत्र गायत्री मंत्र की पावन ध्वनि से गुंजायमान रहेगा। उन्होंने भिवानी शहर के सभी निवासियों और आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे 17 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक और भव्य धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हों तथा महायज्ञ में भाग लेकर मां गायत्री का पावन आशीर्वाद प्राप्त करें। पूजा में मुख्य रूप से कैप्टन शमशेर सिंह व शशीकला देवी, आचार्य कपिल देव महाराज, शोभित पांडे लवकुश तिवारी, कृष्ण दीक्षित, मयंक शुक्ला, रमेश गोयल, हरीश शांडिल्य, प्रवीण वत्स मौजूद रहे।