सबका साथ, सबका विकास की नीति पर आगे बढ़ रही भाजपा सरकार : सुनीता दुग्गल
पूर्व सांसद व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल पहुंची सुरेश ओड के निवास पर, विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा
भिवानी, 15 सितंबर : पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने कहा है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास के मूल मंत्र पर काम करते हुए समाज के हर वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। सरकार की नीतियों में किसी भी स्तर पर कोई भेदभाव नहीं है और पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। सुनीता दुग्गल ओड सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा नेता सुरेश ओड के बवानीखेड़ा स्थित निवास स्थान पर आयोजित एक चाय-पानी कार्यक्रम में पहुंची थीं। वहां पहुंचने पर सुरेश ओड के नेतृत्व में सर्व समाज के प्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
हाल ही में बवानी खेड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनसभा का उल्लेख करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। उन्होंने बिना किसी संकोच के दिल खोलकर बवानी खेड़ा के लिए कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की घोषणाएं की हैं। इन सौगातों से आने वाले दिनों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के चौमुखी विकास को एक नई गति प्राप्त होगी।
राज्य सरकार की रोजगार नीति पर बोलते हुए सुनीता दुग्गल ने कहा कि भाजपा शासनकाल में युवाओं को बिना किसी पर्ची और खर्ची के पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। पूर्ववर्ती सरकारों के दौर के विपरीत, अब केवल योग्यता ही रोजगार का एकमात्र आधार बनी है। इस पारदर्शी प्रक्रिया ने प्रदेश के युवाओं के भीतर एक नया विश्वास पैदा किया है और योग्य युवाओं को उनका सही हक मिल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि देश तेजी से विकसित भारत के राष्ट्रीय लक्ष्य की तरफ बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। लाडो लक्ष्मी योजना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसका लाभ आज प्रदेश की लाखों महिलाएं उठा रही हैं। इस मौके पर ओड सभा के राष्ट्रीयय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सुरेश ओड ने दावा किया कि भाजपा की जनहितैषी नीतियों के कारण संगठन का विस्तार हो रहा है और आने वाले समय में पार्टी पंजाब में भी अपनी सरकार बनाने में सफल होगी। इस अवसर पर डा. प्रेम, राजकुमार, रमेश फौजी, जोगीराम प्रधान प्रजापति धर्मशाला, दिनेश जेई, जोगिंद्र पार्षद प्रतिनिधि, प्रदीप पार्षद प्रतिनिधि, पूर्व सरपंच सुरेश बलियाली, कालू ठेकेदार बलियाली, पंकज पाराशर, हरफूल, मथुरा, श्यामलाल, ईश्वर राजपूत, बजरंग राजपूत, विक्रम, हरिराम, हरि सिंह, धर्मपाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।