अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर ओलम्पस हाई स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
..
नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया
..
अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर ओलम्पस हाई स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, विदिशा द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम का आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशन तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री शेख सलीम के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ है।
शिविर में विद्यालय संचालक, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री शेख सलीम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री नितेन्द्र सिंह तोमर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दिव्या भलावी तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री अनिमेष तिवारी उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए श्री शेख सलीम ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) द्वारा संचालित "DAWN Scheme – Drug Awareness and Wellness Navigation for Drug Free India" के माध्यम से विद्यालयों, महाविद्यालयों, जेलों, पुनर्वास केंद्रों तथा विभिन्न संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भी इसी उद्देश्य के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं, बल्कि एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जो व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य को प्रभावित कर देती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे गलत संगति, फैशन, दिखावे या साथियों के दबाव में आकर ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिससे उनका उज्ज्वल भविष्य प्रभावित हो। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा से होती है, लेकिन उसका परिणाम कई बार विनाशकारी साबित होता है।
न्यायाधीश ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति को नशे की लत की समस्या है तो उसका उपहास करने के बजाय उसे सही मार्गदर्शन, उपचार और सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना चाहिए। समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता एवं “नशे के दुष्प्रभाव” विषय पर पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों, कानूनी पहलुओं तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई, जिससे उनमें जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP #vidisha
13 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 25, 2026