जल गंगा संवर्धन अभियान: साढ़ेर में बावड़ी-कुआं उत्सव मनाकर दिया जल संरक्षण का संदेश
..
नवांकुर संस्था ने कराया पूजन, ग्रामीणों ने ली शपथ, जिला समन्वयक ने बताए जल संरक्षण के उपाय
..
सतपाड़ा हाट सेक्टर मध्य प्रदेश जनअभियान परिषद द्वारा संचालित "जल गंगा संवर्धन अभियान" के अंतर्गत ग्राम साढ़ेर सतपाड़ा हाट सेक्टर में प्राचीन जल स्रोतों के संरक्षण हेतु भव्य "बावड़ी-कुआं उत्सव" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन म.प्र. जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था "श्री दुलादेव ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति" द्वारा किया गया।
श्रमदान से पूजन तक, हर कदम पर जल के प्रति आस्था -
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक श्रमदान से हुआ। संस्था के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने मिलकर गांव के प्रमुख कुएं के आसपास सफाई की और उसे फूल-मालाओं व रंगोली से सजाया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कुएं का पूजन किया गया। ग्रामीणों ने जल को देवतुल्य मानकर उसके संरक्षण का संकल्प दोहराया। पूजन के उपरांत सभी उपस्थितजनों ने जल अपव्यय रोकने, वर्षा जल संचयन करने तथा पारंपरिक बावड़ी-कुओं को पुनर्जीवित करने की सामूहिक शपथ ग्रहण की।
तत्पश्चात आयोजित जल संगोष्ठी में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती पूजा श्रीवास्तव ने कहा, कि "जल गंगा संवर्धन अभियान का मूल उद्देश्य केवल नल-जल योजना नहीं, बल्कि समाज की जल चेतना को जगाना है।" उन्होंने विगत तीन माह से जिले में चल रहे जल संरक्षण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट साझा की और बताया कि कैसे बावड़ी-कुएं भूजल रिचार्ज के सबसे सस्ते व टिकाऊ साधन हैं। श्रीमती श्रीवास्तव ने प्राचीन जल संरचनाओं के वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री भीकम सिंह दांगी, श्री बाबूलाल धाकड़, श्री बृजमोहन शर्मा, श्री पवन शर्मा, श्री गोविंद शर्मा सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
#जल_गंगा_संवर्धन_अभियान #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Jun 25, 2026