हरदोई में जनसुनवाई के दौरान डीएम ने सुनीं 126 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
हरदोई, 9 अक्टूबर। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 126 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई एवं निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट गुलाब चंद्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।