हरदोई पुलिस लाइन में एयर रेड और ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज, आपात स्थिति से निपटने का किया गया अभ्यास
हरदोई। जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत बनाने और नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में एयर रेड/ब्लैक आउट मॉक एक्सरसाइज 2026 का आयोजन किया गया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभ्यास में विभिन्न विभागों की टीमों ने प्रतिभाग कर आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
मॉक एक्सरसाइज में आपदा विभाग, अग्निशमन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, विद्युत विभाग, नगर पालिका परिषद, जिला सैनिक कल्याण विभाग, रेडक्रॉस सोसायटी, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड, आपदा मित्र और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।
अभ्यास के दौरान निर्धारित समय पर ब्लैक आउट कराया गया। वायु हमले जैसी आपात स्थिति का सिमुलेशन करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने घायलों को सुरक्षित जोन में पहुंचाकर प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया। वहीं, आग लगने की सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कहा कि इस तरह के अभ्यास वास्तविक आपदा के समय बेहद उपयोगी साबित होते हैं। नियमित मॉक एक्सरसाइज से आपात परिस्थितियों में बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने अभ्यास में सहयोग करने वाले सभी विभागों, स्वयंसेवकों और नागरिकों का आभार जताया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मॉक एक्सरसाइज के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास से आपदा की स्थिति में अधिक तत्परता के साथ कार्य किया जा सकेगा और प्रभावित लोगों को कम समय में बेहतर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अंकित तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 22, 2026