एमडीए अभियान के पहले दिन दवा खाकर बनीं मिसाल, दूसरों को भी कर रहीं जागरूक
रीता वर्मा बोलीं- फाइलेरिया रोधी दवा पूरी तरह सुरक्षित | नितिन ने बेटे को मुख्यालय से बुलाकर पूरे परिवार को खिलाई दवा
अभियान के तहत अब तक 1.98 लाख लोगों ने किया दवा का सेवन, सात दिसंबर तक चलेगा अभियान
हरदोई, 24 नवंबर 2026।
फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर जिले में चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में लोग बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे हैं। अभियान के पहले ही दिन दवा का सेवन कर कैथीपुरवा गांव की रीता वर्मा और नितिन कुमार ने समाज के सामने जागरूकता की मिसाल पेश की। दोनों अब अपने अनुभव साझा कर दूसरे लोगों को भी फाइलेरिया रोधी दवा खाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कैथीपुरवा गांव निवासी 38 वर्षीय रीता वर्मा ने अभियान शुरू होते ही पहले दिन फाइलेरिया रोधी दवाओं का सेवन किया। पिछले वर्ष भी उन्होंने अभियान के दौरान दवा खाई थी। रीता का कहना है कि दवा खाने के बाद उन्हें आज तक किसी तरह की परेशानी नहीं हुई और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। अपने अनुभव के आधार पर वह आसपास की महिलाओं को भी दवा के सेवन के लिए जागरूक कर रही हैं।
इसी गांव के 42 वर्षीय नितिन कुमार ने भी पहले दिन आशा कार्यकर्ता सुनीता और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा वर्मा के सामने दवा का सेवन किया। नितिन ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ने पहले ही जानकारी दे दी थी कि 19 नवंबर को फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जाएगी। उनका 16 वर्षीय बेटा अभिजीत मुख्यालय में रहकर पढ़ाई करता है। नितिन ने उसे भी दवा खिलाने के लिए घर बुला लिया। इसके बाद पूरे परिवार ने एक साथ फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन किया।
नितिन ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ने पहले घर पर मार्किंग की और परिवार के सदस्यों की जानकारी ली। इसके बाद घर में मौजूद सदस्यों की लंबाई मापकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दवा खिलाई। नितिन के मुताबिक, दवा सेवन के बाद उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य को कोई परेशानी नहीं हुई है।
अब नितिन खुद भी जागरूकता अभियान में भागीदार बन गए हैं। खेतों में काम के दौरान साथियों से बातचीत हो या खाली समय में चौराहे और दुकानों के आसपास लोगों से मुलाकात, वह हर जगह फाइलेरिया रोधी दवा खाने का संदेश दे रहे हैं। वह अपने अनुभव साझा कर पुरुषों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि सात दिसंबर तक चलने वाले एमडीए अभियान के तहत चार ब्लॉकों अहिरोरी, साण्डी, बिलग्राम और कोथावां में अब तक 1.98 लाख लोग फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर चुके हैं। रीता और नितिन जैसे जागरूक नागरिकों की पहल से अन्य लोग भी दवा सेवन के लिए आगे आ रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद सचान ने जागरूक नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि यदि एक भी व्यक्ति दवा सेवन से छूट जाता है तो संक्रमण का चक्र तोड़ना मुश्किल हो सकता है। इसलिए अपने क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए सभी पात्र लोगों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन अवश्य करना चाहिए।
आंकड़ों में फाइलेरिया
(एमडीए अभियान के अंतर्गत आने वाले चार ब्लॉकों की स्थिति)
- 680 मरीज हाथीपांव से पीड़ित।
- 94 मरीज हाइड्रोसील से पीड़ित।
- हाथीपांव के सभी 680 मरीजों को रोग प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
- 54 हाइड्रोसील रोगियों का ऑपरेशन किया जा चुका है।
Bilgram, Hardoi | Nov 24, 2026