सेवा मेरा योगदान थीम-8 के तहत हरियावां में हुई दौड़ प्रतियोगिता, बालक वर्ग में अंकित और बालिका वर्ग में काजल पाण्डेय अव्वल
हरदोई। सेवा मेरा योगदान थीम-8 कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को विधानसभा हरदोई के खेल मैदान, हरियावां में दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रहे। आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों ने किया। स्वयंसेवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में शान्तानन्द स्वामी सरस्वती पब्लिक स्कूल, उतरा, हरियावां के प्रबंधक जगुनाथ सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. राजवेन्द्र सिंह, उप प्रधानाचार्य तनुजा तिवारी और पीटीआई विवेक सिंह चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
NYV के रूप में अहिरौरी ब्लॉक से आलोक, हरियावां ब्लॉक से अमन मिश्रा एवं सुनील शुक्ला तथा टड़ियावां ब्लॉक से प्रियांशु राणा ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
दौड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में अंकित ने प्रथम, सुरेन्द्र कुशवाहा ने द्वितीय और दिपांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में काजल पाण्डेय ने प्रथम, कीर्ति वर्मा ने द्वितीय और राधा ने तृतीय स्थान हासिल किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों और आयोजकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं एवं प्रतिभागियों को खेलों के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
Bilgram, Hardoi | Sep 25, 2026