कोलारस में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की सरकारी जमीन अतिक्रमण से कराई मुक्त
जगतपुर और कोलारस में संयुक्त कार्रवाई कर 5.088 हेक्टेयर भूमि से हटाया अवैध कब्जा, करीब 5 करोड़ रुपये की जमीन प्रशासन ने कराई मुक्त।
शिवपुरी। जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर कोलारस अनुविभाग के ग्राम जगतपुर और कोलारस नगर में प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
इस दौरान राजस्व विभाग, नगर निकाय और पुलिस बल की मौजूदगी में करोड़ों रुपये की बेशकीमती शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया गया।
जगतपुर में 1 करोड़ की जमीन कराई मुक्त
प्रशासनिक टीम ने ग्राम जगतपुर में शासकीय आबादी गांवठान की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। यहां सर्वे नंबर 27, 28, 30, 34 और 35 की कुल 5 भूमियों पर अवैध कब्जा किया गया था। इनका कुल रकबा 0.272 हेक्टेयर बताया गया है।
उक्त भूमि पर अनिल कुमार, सुनील कुमार, मनीष कुमार एवं लोकेन्द्र कुमार द्वारा बाउंड्री बनाकर कब्जा किया गया था। प्रशासन ने कार्रवाई कर लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को मुक्त कराया और नगर परिषद को सुपुर्द कर दिया।
कोलारस में 4 करोड़ की मंदिर भूमि से हटाया कब्जा
इसी क्रम में कोलारस नगर में माफी राम जानकी मंदिर के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि पर भी प्रशासन ने कार्रवाई की।
यहां सर्वे नंबर 726 से 732 तक तथा 1507 से 1515 तक कुल 16 सर्वे नंबरों की 4.816 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण किया गया था।
इस भूमि पर प्रदीप बैरागी, मुरारी पाल, दामोदरदास बैरागी, संजय बैरागी, सोनू बैरागी, योगेश बैरागी एवं राहुल बैरागी के कब्जे बताए गए थे। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। इसके बाद भूमि को हल्का पटवारी एवं ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में दिया गया।
न्यायालयीन आदेश के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, इन मामलों में तहसीलदार कोलारस के न्यायालय में विधिवत प्रकरण दर्ज कर सुनवाई की गई थी। न्यायालय द्वारा बेदखली आदेश पारित करते हुए संबंधित लोगों को सात दिवस के भीतर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की।
प्रशासन ने दी आगे भी कार्रवाई की चेतावनी
इस पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शिवदयाल धाकड़, तहसीलदार प्रदीप भार्गव, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, नगर निकाय के कर्मचारी एवं पुलिस बल शामिल रहा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पत्रकार राम मनोहर मिश्रा
📞 मो. 7470902171
#Shivpuri #Kolaras # encroachment #प्रशासनिककार्रवाई #सरकारीजमीन #अतिक्रमणमुक्त #MadhyaPradesh #PNEWZINDIA