रिजल्ट डे समारोह में एसपी ने विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने रामकृष्ण परमहंस विद्यालय, बभना-कटैया, जहानाबाद में आयोजित रिजल्ट डे समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की। उन्होंने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही संदिग्ध संदेश, लिंक और फोन कॉल से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को मानव तस्करी के प्रति भी जागरूक किया और कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को दें। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, सजग एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
समारोह में विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और अन्य लोग उपस्थित रहे।