पानी वाले बैंड की खाई में मिली 60 वर्षीय व्यक्ति की लाश, पास पड़ा था मोबाइल-पर्स और वाहन की चाबी
वाहन की सीट पर मिली शराब की आधी बोतल, हादसा या कुछ और... पुलिस जांच में जुटी
मसूरी/देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खाई में चट्टानों के बीच करीब 60 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मोबाइल फोन, पर्स और वाहन की चाबी मिलने से मामला और भी गंभीर हो गया है।
मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून, उम्र करीब 60 वर्ष के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अजय कुमार कोहली वाहन से पानी वाले बैंड क्षेत्र में पहुंचे थे। इसके बाद उनका शव सड़क से नीचे खाई में पानी के बीच चट्टानों के पास मिला।
मोबाइल, पर्स और चाबी मिली, वाहन में थी शराब की आधी बोतल
पुलिस को घटनास्थल के आसपास मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और वाहन की चाबी बरामद हुई है। वहीं, जिस वाहन से उनके वहां पहुंचने की जानकारी सामने आई है, उसकी सीट पर शराब की आधी बोतल भी मिली है। इन परिस्थितियों ने पुलिस की जांच के कई पहलुओं को सामने ला दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति खाई में कैसे गिरे। क्या वह पैर फिसलने से नीचे पहुंचे या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
हादसा या कोई और वजह, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
शव जिस स्थान पर मिला है, वहां पानी और चट्टानों के बीच गहराई होने के कारण पुलिस हादसे की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। हालांकि मौके से मिले सामान और वाहन में मिली शराब की बोतल को देखते हुए पुलिस घटना के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है। हुई
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Sep 8, 2026