मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों के अधिकाधिक निराकरण के लिए बैठक संपन्न
---
आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के माध्यम से अधिकाधिक मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों के निराकरण के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं एवं आवेदक पक्ष के अधिवक्ताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों को चिन्हित कर उनके आपसी सहमति के आधार पर निराकरण की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्रीवास्तव ने उपस्थित अधिवक्ताओं से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रकरणों को नेशनल लोक अदालत में रखे जाने के लिए आवश्यक प्रयास करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण होने से दुर्घटना पीड़ितों एवं उनके आश्रितों को शीघ्र राहत प्राप्त हो सकती है। इसी उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बीमा कंपनियों एवं अधिवक्ताओं के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में नेशनल लोक अदालत के समन्वयक एवं विशेष न्यायाधीश श्री उत्सव चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय श्री योगराज उपाध्याय, जिला न्यायाधीशगण श्री अनिल चौधरी, श्री अरविंद सिंह टेकाम एवं श्री वीरेंद्र जोशी तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री पीयूष भावे भी उपस्थित थे।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Home Department of Madhya Pradesh
Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh
#khandwa
19 views | Khandwa, Madhya Pradesh | Sep 2, 2026