समरसता संकल्प अभियान के तहत खिजरसराय दक्षिणी क्षेत्र में निकली कलश वंदन यात्रा
खिजरसराय। समरसता संकल्प अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर रविवार को खिजरसराय दक्षिणी क्षेत्र में भव्य कलश वंदन यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश वंदन यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा, समानता और समाज में एकजुटता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के विचारों और उनके समतामूलक समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष दया शंकर, युवा मोर्चा अध्यक्ष उज्जवल सिंह, मंत्री जयनीत शक्ति, पंचायत अध्यक्ष अंकित कुमार सिंह, कार्यक्रम संयोजक नागेन्द्र राम, रुपेश सिंह, नवनीत शक्ति, उत्तम यादव सहित अन्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इसके अलावा क्षेत्र के विकास मित्रों एवं टोला सेवकों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कलश वंदन यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं टोले-मुहल्लों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवाओं ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में ऊंच-नीच, भेदभाव और असमानता को समाप्त कर समानता, सद्भाव और सामाजिक समरसता स्थापित करने का संदेश दिया था। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और राष्ट्र को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।
आयोजकों ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक साथ जोड़ते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। कलश वंदन यात्रा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक समरसता एवं भाईचारे को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया।