खिजरसराय। खिजरसराय थाना क्षेत्र में नदी से अवैध रूप से बालू निकासी कर ले जा रहे एक प्रतिबंधित वाहन को अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद ने कार्रवाई करते हुए जब्त किया है। वाहन की जब्ती खिजरसराय थाना क्षेत्र के धूरा के समीप से की गई।
बताया जाता है कि अनुमंडल पदाधिकारी को क्षेत्र में नदी से अवैध बालू निकासी और प्रतिबंधित वाहनों के परिचालन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचना दी गई है।
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि खिजरसराय क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन का सिंडिकेट सक्रिय है, जिसके माध्यम से नदी से बालू की निकासी कर विभिन्न स्थानों पर पहुंचाई जा रही है। प्रतिबंधित वाहनों के इस्तेमाल से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ नियमों की भी अनदेखी किए जाने की बात सामने आ रही है।
एसडीओ केशव आनंद ने मामले की जानकारी खनन विभाग को दे दी है। अब खनन विभाग द्वारा जब्त वाहन के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा है।