जालौन में दर्दनाक सड़क हादसा: टायर फटने से बेकाबू होकर पलटी कार, चालक की मौत, दो घायल
उरई-जालौन मार्ग पर आज सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना जालौन कोतवाली क्षेत्र के भिटारा के पास इंडियन पेट्रोल पंप के सामने हुई।
जानकारी के अनुसार, एक कार (GJ16 AP 0407) उरई से जालौन की ओर जा रही थी। भिटारा के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार कार का आगे का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण खोने के बाद कार करीब चार से पांच बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी । हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जालौन पहुंचाया। यहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.डी. गुप्ता ने परीक्षण के बाद चालक इमरान खां पुत्र छोटे खां, निवासी मोहल्ला नया खंडेराव, जालौन को मृत घोषित कर दिया। जबकि कार में सवार अन्य दो घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अन्य आवश्यक कार्यवाही भी शुरू कर दी।
#orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh #उरई #जालौन #कोंच #कालपी #माधौगढ़
Orai, Jalaun | Jun 29, 2026