*बरारी घाट पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, सैंड बैग एवं बैरिकेडिंग से किए गए पुख्ता इंतजाम*
*दिनांक 13 नवम्बर 2026:-* लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर बरारी घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
घाट पर जलस्तर में कमी आने के कारण कुछ स्थानों पर गीली मिट्टी एवं फिसलन की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन द्वारा तत्काल आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए गए हैं।
घाट के संवेदनशील एवं फिसलन वाले स्थानों पर सैंड बैग लगाए गए हैं तथा बैरिकेडिंग के माध्यम से सुरक्षित क्षेत्र निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही घाट के किनारों एवं मिट्टी वाले हिस्सों को भी सैंड बैग तथा अन्य आवश्यक उपायों के जरिए स्थिर किया गया है, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को स्नान करने तथा घाट पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं, जिन स्थानों पर जलस्तर में कमी के कारण अभी भी गीली मिट्टी एवं फिसलन की संभावना बनी हुई है, वहां लाल कपड़े के माध्यम से संकेतक लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालु उन स्थानों को पहचानकर सतर्कता बरत सकें और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घाट पर स्नान के लिए पर्याप्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे गंगा के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक स्नान करें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
*जिला प्रशासन छठ महापर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है*
जिला जन-सम्पर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar