*जिलाधिकारी के जनता दरबार में 14 आवेदनों पर हुई सुनवाई, संबंधित पदाधिकारियों को जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश*
भागलपुर, दिनांक 13 नवम्बर 2026।
सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिलाधिकारी महोदया, भागलपुर द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आमजनों की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 14 आवेदनों पर सुनवाई हुई। इनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, कृषि, शिक्षा, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित मामले शामिल थे।
सुनवाई के दौरान नाथनगर प्रखंड निवासी श्री विष्णु मंडल, पिता- स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण मंडल द्वारा फसल अनुदान में अनियमितता के संबंध में आवेदन दिया गया। उक्त आवेदन को जाँच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला कृषि पदाधिकारी, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
इसी प्रकार, इस्माईलपुर थाना क्षेत्र के वसगाढ़ा निवासी श्री महेन्द्र पासवान, पिता- स्वर्गीय चौधरी पासवान द्वारा बिहार सरकार से परवाना के माध्यम से प्राप्त भूमि पर जबरन कब्जा कर बेदखल किए जाने के संबंध में आवेदन समर्पित किया गया। उक्त मामले को आवश्यक कार्रवाई हेतु अपर समाहर्त्ता, राजस्व शाखा, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
वहीं, शाहकुण्ड प्रखंड के उर्दू कन्या मध्य विद्यालय, इंग्लिश के प्रधानाध्यापक मो० मससर आलम द्वारा विद्यालय के जर्जर भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण से संबंधित आवेदन दिया गया। उक्त आवेदन को आवश्यक कार्रवाई हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर को अग्रसारित किया गया।
जनता दरबार में जिला जन शिकायत प्रभारी श्रीमती सुभाषिणी प्रसाद, वरीय उप समाहर्त्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, भागलपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar