छठ पर्व की तैयारियों की समीक्षा, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त करने का निर्देश
लखीसराय। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने छठ घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, पहुंच पथ और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि छठ घाटों पर पदाधिकारियों एवं कर्मियों की अग्रिम प्रतिनियुक्ति की जाए, ताकि वे घाटों की भौगोलिक स्थिति से पहले से परिचित हो सकें। सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर घाटों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। पर्व के दिन प्रतिनियुक्त पदाधिकारी दंडाधिकारी के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की होगी जांच
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाई, फल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया। वहीं, बाट एवं माप विभाग को बाजारों में उपयोग किए जा रहे माप-तौल उपकरणों की जांच कर उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने को कहा।
बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त करने का निर्देश
डीएम ने विद्युत विभाग को छठ घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों के आसपास खुले एवं लटकते बिजली के तारों की जांच करने तथा संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बिना लाइसेंस वाली पटाखा दुकानों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने बिना वैध लाइसेंस के संचालित पटाखा दुकानों की पहचान कर नियमानुसार जब्ती एवं कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यों को समय पर पूरा करें, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।