बड़हिया में पशु स्वास्थ्य शिविर, 264 पशुओं का हुआ उपचार
लखीसराय। जीविका के अंतर्गत बड़हिया प्रखंड के धीराडार ज्वास में पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशु स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 143 परिवारों के 264 पशुओं को आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में पहुंचे पशुओं में अधिकांश मामले खुरपका-मुंहपका रोग (एफएमडी) से संबंधित पाए गए। इस रोग से मुख्य रूप से गायें प्रभावित थीं। पशुओं की जांच कर पशुपालकों को उपचार एवं रोगों की रोकथाम से संबंधित आवश्यक जानकारी और सहयोग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बड़हिया के पशु चिकित्सा पदाधिकारी (टीवीओ), प्रखंड परियोजना प्रबंधक (बीपीएम), प्रबंधक (पशुधन), प्रबंधक (कृषि), जीविकोपार्जन विशेषज्ञ (एलएचएस) सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
शिविर का उद्देश्य पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने तथा पशुपालकों को संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करना था।