छठ घाटों से सड़क निर्माण तक डीएम का निरीक्षण, बड़हिया CHC में गंदे बेडशीट पर जताई नाराजगी
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बुधवार को जिले के विभिन्न छठ घाटों, सड़क निर्माण कार्यों और बड़हिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ घाटों पर तैयारियों को दुरुस्त करने, सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने और अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बड़हिया CHC में बेडशीट और चादर नियमित रूप से नहीं बदले जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई तथा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (BHM) के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने परिया पोखर एवं अष्टघटी छठ घाट का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद रामपुर रोड क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए एनएच के संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक स्थानों पर साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर और एनएच-80 पर यातायात सुरक्षा संकेतक लगाने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।
डीएम ने सुरजीचक स्थित हरूहर नदी पुल के समीप पथ निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन टोल प्लाजा स्थल का भी निरीक्षण किया। यहां टोल प्लाजा सह वे-ब्रिज निर्माण के लिए स्थल चयन की संभावनाओं का जायजा लिया। साथ ही रामपुर-बड़हिया सड़क के चार छूटे हुए स्थानों पर निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। खुटहा होते हुए बड़हिया पहुंचकर उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। निर्माण के दौरान किसी प्रकार का विवाद होने पर अनुमंडल पदाधिकारी, बड़हिया से समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया।
गंदे बेडशीट पर भड़के डीएम, BHM पर कार्रवाई का निर्देश
सड़क निर्माण कार्यों के निरीक्षण के बाद डीएम ने बड़हिया CHC का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की जानकारी ली। मरीजों ने चिकित्सा सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्था पर संतोष जताया। हालांकि, एक मरीज ने बेड पर गंदी चादर होने की शिकायत की।
इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रतिदिन बेडशीट और चादर बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं किए जाने को गंभीर लापरवाही माना। उन्होंने BHM के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान BHM स्वयं अनुपस्थित पाए गए।
डीएम ने बड़हिया CHC में अल्ट्रासाउंड सुविधा शीघ्र शुरू करने, ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और मरीजों की ABHA ID बनाने का कार्य लगातार जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, पथ प्रमंडल लखीसराय के कार्यपालक अभियंता, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।