नशामुक्त बिहार अभियान का शुभारंभ, एक माह तक चलेगा जागरूकता कार्यक्रम
लखीसराय। बिहार को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से 27 अक्टूबर से नशामुक्त बिहार अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभियान का शुभारंभ किया। लखीसराय पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में डीएम शैलेंद्र कुमार समेत जिले के कई वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य लोगों ने शराब का सेवन नहीं करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, परिवारों और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है।
यह अभियान 27 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत चार चरणों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण में 27 से 31 अक्टूबर तक शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। दूसरे चरण में 1 से 7 नवंबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा।
वहीं, 8 से 16 नवंबर तक दीपावली और छठ महापर्व के अवसर पर परिवारों एवं समुदायों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। अंतिम चरण में 17 से 25 नवंबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में पेंटिंग, चित्रकला सहित अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा।
जिले में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए डीएम की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त बिहार के निर्माण में सहयोग करने की अपील की है।