पितृपक्ष मेला-2026 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले एनसीसी एवं भारत स्काउट गाइड के 447 स्वयंसेवक सम्मानित
अपर समाहर्ता श्री परितोष कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह, निःस्वार्थ सेवा भाव की सराहना की
गया, 02 नवंबर 2026, पितृपक्ष मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले एनसीसी 6 बटालियन के 154 कैडेटों एवं भारत स्काउट गाइड के 293 स्वयंसेवकों को आज अपर समाहर्ता, गया श्री परितोष कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 447 स्वयंसेवक बच्चों को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्य एवं सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री परितोष कुमार ने बच्चों के सेवा भाव, समर्पण एवं अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि पितृपक्ष मेला-2026 के दौरान इन सभी स्वयंसेवकों ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ अपनी सेवाएं दीं। विष्णुपद मंदिर, देवघाट, घाटों तक जाने वाली संकीर्ण गलियों, रामशिला वेदी स्थल, प्रेतशिला वेदी स्थल, मातंगवापी, धर्मारण्य, अक्षयवट, सीताकुंड एवं विष्णुपथ अप्रोच पाथवे सहित मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इन बच्चों ने लगातार तीर्थयात्रियों की सहायता की।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ जाने वाले तीर्थयात्रियों को उनके परिजनों से मिलाने में खोया-पाया केंद्र पर इन स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, व्हीलचेयर के माध्यम से बुजुर्ग एवं दिव्यांग तीर्थयात्रियों को मंदिर दर्शन कराने में सहयोग दिया। रेलवे स्टेशन पर भी तीर्थयात्रियों के मार्गदर्शन, सहायता एवं सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित कराने में इन बच्चों ने बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई।
अपर समाहर्ता ने कहा कि इन सभी स्वयंसेवकों ने बिना किसी स्वार्थ के लाखों तीर्थयात्रियों की सेवा एवं सहायता की है। इनका अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और मानवीय संवेदनशीलता अत्यंत प्रशंसनीय है। पितृपक्ष मेला जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में इन बच्चों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सेवा और समर्पण की यह भावना जीवन में आगे भी बनी रहनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सभी 447 स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पर्यटन पदाधिकारी श्री अंकुर कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, एनसीसी 6 बटालियन के हवलदार श्री योगेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary DD News Bihar Department of Tourism, Government of Bihar Press Information Bureau - PIB, Government of India Revenue and Land Reforms Dept, Govt. of Bihar
Gaya, Bihar | Nov 2, 2026