गया बोधगया रोड पंतनगर में सड़क निर्माण पर महासंग्राम! एक महिला के विरोध में हजारों लोगों का रास्ता अटका, गुस्साए मोहल्लेवासियों ने गया-बोधगया रोड किया जाम, नगर निगम की ओर से बन रही सड़क का काम रोकने का आरोप
सरकारी अमीन से जमीन की मापी और रिपोर्ट होने का दावा; सड़क पर उतरे लोग बोले- अब और बर्दाश्त नहीं, हर हाल में पूरा हो निर्माण
गयाजी: गया जी शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र के गया बोधगया रोड स्थित पंतनगर मोहल्ले में सड़क निर्माण को लेकर विवाद अब सड़क पर आ गया है। नगर निगम की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का एक महिला द्वारा विरोध किए जाने से नाराज मोहल्लेवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने गया-बोधगया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इसके कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा आम जनता की सुविधा के लिए सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन एक महिला लगातार निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही है। महिला का दावा है कि जिस जमीन पर सड़क बनाई जा रही है, वह उसकी निजी जमीन है। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित जमीन सरकारी है और नगर निगम द्वारा उसी पर सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इसी विवाद के कारण सड़क का काम अधूरा पड़ा हुआ है और हजारों लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक साल से अधूरी सड़क, दौड़-धूप के बाद शुरू हुआ था निर्माण
स्थानीय निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि यह सड़क करीब एक साल से अधूरी पड़ी हुई थी। सड़क निर्माण को लेकर मोहल्लेवासियों ने काफी दौड़-धूप की। नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर किसी तरह निर्माण कार्य शुरू कराया गया। उन्होंने बताया कि नगर निगम के मोहन व्यास के प्रयास और सहयोग से सड़क निर्माण का काम आगे बढ़ा। सड़क के एक हिस्से में ढलाई हो चुकी है। वहीं, पंप के ट्रांसफार्मर की ओर से लेकर अपार्टमेंट की तरफ भी सड़क निर्माण कराया गया है। लेकिन कुछ हिस्से में ढलाई का काम बाकी रह गया है, जिसे लेकर विवाद हो रहा है।
दिलीप कुमार का कहना है कि सड़क की जमीन की सरकारी अमीन से मापी भी कराई गई है। मापी से संबंधित रिपोर्ट और कागजात स्थानीय लोगों के पास उपलब्ध हैं। उनके अनुसार सड़क की चौड़ाई करीब 16 से 17 फीट है। इसके बावजूद मोहल्लेवासी विवाद को समाप्त करने के लिए 12 फीट में नाली और सड़क की ढलाई कराकर रास्ता चालू कराने को भी तैयार हैं। इस मामले को लेकर जिलाधिकारी को आवेदन भी दिया गया है। इसके बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।
पांच हजार घरों की आबादी, मुख्य रास्ता बंद होने से परेशानी
स्थानीय मोहल्ले वासी सोनू कुमार का कहना है पंतनगर मोहल्ले और आसपास के इलाके में करीब पांच हजार घर हैं। यहां बड़ी संख्या में परिवार नए मकान बनाकर रह रहे हैं। यह सड़क पूरे मोहल्ले के लिए मुख्य आवागमन मार्ग है। लोगों का कहना है कि सड़क अधूरी रहने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को आने-जाने में दिक्कत होती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण टोटो और ऑटो तक के पलटने की घटनाएं हो चुकी हैं। कई लोग गिरकर चोटिल भी हुए हैं।
स्थानीय निवासी सोनू कुमार ने बताया कि मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर काफी मेहनत की, तब जाकर इस सड़क का निर्माण शुरू हो सका। लेकिन अब महज 10 से 12 फीट के हिस्से का निर्माण बाकी है। इसी हिस्से में विरोध के कारण काम रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि यह रास्ता किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले और आम जनता के लिए है। सड़क बनने से सभी को सुविधा मिलेगी। यदि किसी को जमीन को लेकर आपत्ति है तो प्रशासन को कागजात और सरकारी मापी के आधार पर मामले की जांच करनी चाहिए।
महिला का भी पक्ष सुने प्रशासन, निष्पक्ष जांच की मांग
मोहल्लेवासियों ने कहा कि यदि महिला इस जमीन पर अपना मालिकाना हक होने का दावा कर रही हैं तो प्रशासन को उनके दस्तावेजों की भी जांच करनी चाहिए। सरकारी अमीन की मापी, जमीन के रिकॉर्ड और दोनों पक्षों के दावों की निष्पक्ष जांच कर विवाद का समाधान निकाला जाना चाहिए। लोगों का कहना है कि जब तक विवाद का समाधान नहीं होगा, तब तक सड़क निर्माण अधूरा रहेगा और आम जनता परेशान होती रहेगी।
पुलिस पहुंची तो शांत हुआ मामला, खुला गया-बोधगया मार्ग
गया-बोधगया मुख्य मार्ग जाम होने की सूचना मिलते ही विष्णुपद थाना के थाना अध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे मोहल्लेवासियों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही पुलिस ने संबंधित महिला से भी बातचीत कर उनका पक्ष जाना। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर तत्काल स्थिति को शांत कराया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद मोहल्लेवासियों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद गया-बोधगया मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन फिर से सामान्य हो सका।
प्रशासन और नगर निगम से आर-पार की मांग
प्रदर्शन कर रहे मोहल्लेवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और सड़क निर्माण में आ रही बाधा को दूर कर जल्द से जल्द काम पूरा कराया जाए। लोगों का कहना है कि वे किसी के निजी अधिकार का उल्लंघन नहीं चाहते, लेकिन सार्वजनिक रास्ते को लेकर उत्पन्न विवाद का खामियाजा हजारों परिवारों को नहीं भुगतना चाहिए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन दोनों पक्षों के दावों और उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर सड़क निर्माण का रास्ता कब तक साफ कराता है।