आर. सी. एफ. सी. संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन 72वें दिन भी जारी है : गुरु शरण परमार
जोगिंद्रनगर/सुनील कुमार।
क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र बचाओ संघर्ष समिति जोगिंदर नगर का पिछले 20 अगस्त से चला हुआ क्रमिक अनशन आज 72वें दिन में पहुँच गया है l यह जानकारी देते हुए संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरु शरण परमार ने बताया कि हालाँकि जैसे ही क्रमिक अनशन शुरू हुआ था तो इस संस्थान के स्थानांतरण की प्रक्रिया वहीं पर रुक गई है और सारा साजो सामान व विभागीय स्टाफ भी अभी जोगिंदर नगर में ही तैनात है मगर संघर्ष समिति लिखित में जब तक स्थानांतरण को रद्द किये जाने की अधिसूचना प्राप्त नहीं कर लेती तब तक अपने इस क्रमिक अनशन को नहीं रोक पाएगी l परमार ने बताया कि वह केंद्रीय आयुष मंत्री प्रताप राव गजपत राव जाधव व केंद्रीय आयुष सचिव डॉ. राजेश कोटेचा का धन्यवाद करना चाहते हैं कि उन्होंने अच्छे से संघर्ष समिति की बात सुनी और तुरंत फौरी रोक इस स्थानांतरण पर लगा दी थी मगर राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड के दिल्ली कार्यालय के कार्यकारी अधिकारीयों का रवैया बहुत ही अड़ियल बना हुआ है और वह अभी तक भी सचिव और मंत्री की बात को अनसुना कर रहे हैं जो कि संघर्ष समिति को रास नहीं आ रहा l परमार ने बताया कि अभी भी आज उप कार्यकारी अधिकारी अब्दुल क्यूम शिमला आए हैं तो उनको थोड़ा आगे आकर जोगिंदर नगर में संघर्ष समिति के साथ मिल बैठकर मसले को सुलझाने का प्रयास करना चाहिए और जो भी भविष्य में इस संस्थान के जोगिंदर नगर में संचालन हेतू उनको मदद चाहिए होगी संघर्ष समिति करने को तैयार है l इस अवसर पर संघर्ष समिति के महासचिव अजय ठाकुर, संयोजक कुशाल भारद्वाज, उपाध्यक्ष रामलाल वालिया, कोषाध्यक्ष विशाल शर्मा, सलाहकार रीता ठाकुर, सचिव रमन बहल, सचिव दमनदीप सिंह, तारा चंद, भूपेंद्र, अजय बावा आदि मौजूद रहे l