जनसंपर्क अभियान के तहत विधायक प्रकाश राणा ने चनेहड़-1 और चनेहड़-2 बूथ पर सुनीं लोगों की समस्याएं
क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से किया संवाद, विकास कार्यों एवं जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
देवभूमि लाइव टीवी/जोगिंदर नगर/उमेश कुमार।
जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को विधायक प्रकाश राणा ने ग्राम पंचायत बिहूँ के चनेहड़-1 एवं चनेहड़-2 बूथ पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रकाश राणा ने स्थानीय लोगों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की स्थिति तथा जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं और समस्याओं से विधायक को अवगत करवाया।
विधायक ने जनसंपर्क अभियान के माध्यम से लोगों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए जनता के सुझाव महत्वपूर्ण हैं। स्थानीय लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने में मदद मिलती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी क्षेत्रवासियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और जनहित से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय मुद्दों पर चर्चा के साथ क्षेत्र के विकास को लेकर लोगों के सुझाव भी प्राप्त किए गए।