कनिका ने मेहंदी प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान
डीबीपीएस में करवाचौथ से पूर्व आयोजित हुई मेहंदी प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
जोगिंद्रनगर, उमेश कुमार।
दयानंद भारतीय पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल (डीबीपीएस), जोगिंद्रनगर में करवाचौथ के पावन पर्व से एक दिन पूर्व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश डोगरा ने बताया कि प्रतियोगिता में भगत हाउस की कनिका ने अपनी सुंदर मेहंदी डिजाइन के दम पर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, टैगोर हाउस की आकांक्षा राव और दिव्यांशी ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर भगत हाउस की महक और टैगोर हाउस की एंजल रहीं।
प्रधानाचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के लिए विद्यालय में समय-समय पर इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विद्यालय परिसर में ऐसी गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी।
प्रतियोगिता में विजेता छात्राओं को विद्यालय के वार्षिक समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य लता राणा के साथ रंजना राजपूत और हेमलता ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के आयोजन से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।