गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल झलवाण में खेल महोत्सव का भव्य आगाज
मार्च पास्ट, वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के साथ करवाचौथ पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन
जोगिंदर नगर/शिव कुमार।
गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल झलवाण में 28 अक्टूबर को वार्षिक खेल महोत्सव का शुभारंभ उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इस दौरान विद्यालय के निदेशक विशाल अवस्थी ने सलामी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के स्कूल कैप्टन हर्षित ने सभी विद्यार्थियों को खेल शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने खेल भावना का सम्मान करने, नियमों का पालन करने तथा ईमानदारी और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संकल्प लिया।
खेल महोत्सव के पहले दिन बैडमिंटन डबल्स, कबड्डी और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में लिबर्टी हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्लोरी हाउस को 21-15, 21-18 और 21-15 के स्कोर से पराजित किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, जोश और खेल कौशल का परिचय दिया। कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेल मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बनता था।
इसी अवसर पर करवाचौथ के पावन पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय में मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने सुंदर और आकर्षक मेहंदी डिजाइनों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की सारिका ने प्रथम स्थान, कक्षा नौवीं की स्माइली ने द्वितीय स्थान, जबकि नव्या और कनिका ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जहां खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं, वहीं कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियां उनकी रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं।
विद्यालय के खेल प्रभारी सतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की तथा विद्यार्थियों को भविष्य में भी खेलों और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।