बिहार को ₹34 हजार करोड़ की सौगात, ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन से विकास को मिलेगी नई रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान राज्य को लगभग 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए बिहार के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान 5,571.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया गया। लगभग 19.36 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके शुरू होने से गंगा के दोनों किनारों के बीच आवागमन आसान होगा, महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा तथा राघोपुर दियारा के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2, राष्ट्रीय राजमार्गों, बिजली वितरण, सौर ऊर्जा, सीवरेज एवं सिंचाई से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया। वहीं, सड़क निर्माण, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना, जलापूर्ति, सीवरेज और आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क एवं छात्रावास निर्माण का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई और प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 26,900 से अधिक लाभार्थियों को गृह प्रवेश कराया गया।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इन परियोजनाओं से बिहार में आधारभूत संरचना, ऊर्जा, शिक्षा, उद्योग, रोजगार और शहरी विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक पार्क, फूड पार्क, कौशल विश्वविद्यालय, 700 मॉडल स्कूल और डिजिटल शिक्षा जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की प्रतिबद्धता जताई।
#TirhutNow #BiharDevelopment #NitishSetu #NarendraModi #SamratChoudhary
Musahri, Muzaffarpur | Nov 21, 2026