*कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला आयोजित*
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यशाला का शुभारंभ, आंतरिक समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्यों को अधिनियम के प्रावधानों की दी गई विस्तृत जानकारी*
महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में आज दिनांक 21.11.2026 को जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव की अध्यक्षता में कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (प्रतिषेध, प्रतितोष और निवारण) अधिनियम, 2013 (POSH Act) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव, राज्य परियोजना प्रबंधक सह राज्य नोडल पदाधिकारी (POSH) श्रीमती अंकिता कश्यप एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS, मुजफ्फरपुर श्रीमती कंचन कुमारी गिरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों (Internal Committee) के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर श्रीमती तमसील आविदा सहित जिला एवं प्रखंड स्तर पर कार्यरत महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कार्यस्थल पर महिलाओं को यौन उत्पीड़न से संरक्षण प्रदान करने से संबंधित अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के प्रति अधिकारियों एवं कर्मियों को जागरूक करना तथा जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों की भूमिका, दायित्व एवं शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
प्रशिक्षण के दौरान POSH अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों, कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने, यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायत प्राप्त करने एवं उसके निस्तारण की निर्धारित प्रक्रिया तथा आंतरिक समिति के कार्यों और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों को शिकायतों के निष्पक्ष, संवेदनशील एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निपटारे के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रत्येक कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा एवं अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना आवश्यक है। इसके लिए आंतरिक समितियों का सक्रिय एवं प्रभावी संचालन, शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई तथा अधिनियम के प्रावधानों का अनुपालन महत्वपूर्ण है।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित आंतरिक समितियों की कार्यक्षमता को सुदृढ़ करने तथा कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, भेदभावमुक्त एवं सम्मानजनक वातावरण विकसित करने की दिशा में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण तथा POSH अधिनियम, 2013 के प्रभावी अनुपालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।