#भरतपुर। पंचायत राज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने भरतपुर जिले के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का शत-प्रतिशत उपयोग करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि तृतीय चरण में पंचायत समिति वैर, बयाना, भुसावर और नदबई में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को तथा पंच-सरपंच पदों के लिए 5 नवंबर को मतदान होगा। इसी तरह चतुर्थ चरण में उच्चैन, सेवर और रूपवास में जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को और पंच-सरपंच के लिए 16 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। सभी मतदान दिवसों पर वोटिंग का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। मतदाता अपने पहचान पत्र के अलावा अन्य वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों के जरिए भी वोट डाल सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवा, महिला, बुजुर्ग और दिव्यांगजनों सहित सभी वर्ग के मतदाताओं से उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लेने का आह्वान किया है।