दिनारा में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा, 10.34 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
दिनारा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 10 किलो 340 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल सफेद रंग की अल्टो कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि बुधवार देर शाम सूचना मिली थी कि कौआखोच के रास्ते अल्टो कार से गांजे की खेप दिनारा की ओर लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने बेलवैयां जिगीना फाल के पास कौआखोच-दिनारा-चौसा लाइन नहर पर वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान दिनारा की ओर आ रही सफेद अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से 10 किलो 340 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार को जब्त करते हुए नटवार निवासी स्व. अक्षय कुमार के 30 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जब्त कार का नंबर BR24Q6165 बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि गांजा आगे सप्लाई करने के लिए दिनारा लाया जा रहा था। पुलिस अब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने कहा कि क्षेत्र में मादक पदार्थों के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।