रोहतास जिले के कोचस में मॉब लिंचिंग में घायल अपहरण के आरोपी की इलाज के दौरान मौत, 8 नामजद एवं अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज,2 लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पुछ ताछ.....
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के नरवर में शिक्षक अपहरण मामले में ग्रामीणों की पिटाई से गंभीर रूप से घायल आरोपी की इलाज के दौरान शुक्रवार को वाराणसी में मौत हो गई। मृतक की पहचान नटवार थाना क्षेत्र के किशुनपुर बड़वा गांव निवासी गुड्डू सिंह, पिता अजय सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार की देर शाम नरवर गांव से शिक्षक गौरी शंकर पाल को दो बदमाश हथियार के बल पर अगवा कर भाग रहे थे। इसी दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो से पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और कोचस थाना क्षेत्र में DAV स्कूल के पास उनकी पिटाई कर दी। घटना में दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों में बिंदेश्वरी पाल का इलाज सासाराम में चल रहा है, जबकि गुड्डू सिंह को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया था। जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में रोहतास एसपी ने बताया कि कोचस थाने में आठ नामजद एवं अन्य अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है तथा दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा घटना के दिन हुए वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।