मां तुतला भवानी में विशेष स्वच्छता अभियान, डीएम के नेतृत्व में जुटेंगे सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर व एनसीसी कैडेट
सासाराम। मां तुतला भवानी ईको पर्यटन स्थल को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार, 23 अगस्त को विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान का नेतृत्व रोहतास जिलाधिकारी करेंगे। इसमें सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, एनसीसी कैडेट, स्थानीय लोग और प्रशासनिक पदाधिकारी भाग लेंगे। अभियान के दौरान पर्यटन स्थल के विभिन्न हिस्सों में साफ-सफाई की जाएगी तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रशासन की ओर से पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भी अभियान में सहयोग करने तथा पर्यटन स्थल को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई है।अधिकारियों का कहना है कि तुतला भवानी क्षेत्र जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ईको पर्यटन स्थलों में शामिल है। ऐसे में इसकी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने, निर्धारित स्थान पर कचरा डालने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य तुतला भवानी को स्वच्छ एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना है।