भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ नेता भगवान दास कालिया की शिकायत पर एक्शन : सेक्टर-21 और 26 की बदहाली पर प्रशासन हरकत में
नगर परिषद डीएमसी हरबीर सिंह ने किया सैक्टर-21 व 26 का दौरा, सीवरेज-नाले दुरुस्त करने के निर्देश, काम शुरू
भिवानी, 22 अक्तूबर : भिवानी के सैक्टर-21 और सैक्टर-26 में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं से जल्द निजात मिलने की उम्मीद बंध गई है। भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भगवान दास कालिया द्वारा उठाई गई गंभीर शिकायतों के बाद प्रशासन हरकत में आया है और गुरुवार को नगर परिषद के डीएमसी हरबीर सिंह ने खुद इन दोनों सेक्टरों का दौरा किया। मौके पर हालात का जायजा लेने के बाद डीएमसी ने सीवरेज व्यवस्था और बरसाती नालों को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए, जिन पर तुरंत प्रभाव से काम भी शुरू हो चुका है।
बीते दिनों भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक भगवान दास कालिया ने भिवानी के सैक्टर-21 व सैक्टर-26 की बदहाल स्थिति को लेकर आवाज बुलंद की थी। उन्होंने सीवरेज व्यवस्था की खराबी, पार्कों की दुर्दशा, टूटे नाले, पेयजल संकट और बूस्टर व्यवस्था के ठप होने की शिकायतें समाधान शिविर के साथ-साथ सीएम विंडो पर दर्ज करवाई थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने चंडीगढ़ पहुंचकर मुख्यमंत्री के समक्ष भी इन समस्याओं को प्रमुखता से रखा था।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए गुरुवार को नगर परिषद के डीएमसी हरबीर सिंह ने सैक्टर-21 व 26 का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ हुडा के जेई कुमार करूण और नगर परिषद के सफाई निरीक्षक विकास भी मौजूद रहे। अधिकारियों की टीम ने सेक्टरों के चप्पे-चप्पे का मुआयना किया और स्थानीय स्तर पर आ रही दिक्कतों को बारीकी से समझा। दौरे के दौरान भगवान दास कालिया ने डीएमसी हरबीर सिंह को सेक्टरों की जमीनी हकीकत से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इन सेक्टरों के पार्कों में लगातार कचरा डाला जा रहा है, जिसकी वजह से पार्कों की हालत बेहद दयनीय हो गई है। स्थिति यह है कि वहां आसपास काम करने वाले श्रमिकों और आमजन के लिए बैठने या आराम करने के लिए एक भी सुरक्षित या साफ स्थान नहीं बचा है। पार्कों में गंदगी के अंबार लगने से बीमारियां फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डीएमसी हरबीर सिंह ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तुरंत प्रभाव से सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बंद पड़े बरसाती नालों को तत्काल प्रभाव से खुलवाने के आदेश भी दिए गए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद सेक्टरों में सफाई और नाले-सीवरेज सुधार का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय निवासियों और श्रमिकों ने राहत की सांस ली है।