पूर्व मंत्री ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती की तैयारियां जोरों पर
25 अक्टूबर को शकुंतला गार्डन में होगा समारोह, 8 हजार लोगों के बैठने-खाने की व्यवस्था : ठाकुर विक्रम सिंह
जयंती का मुख्य आकर्षण रहेंगी लंदन-अमेरिका से इम्पोर्टेड ऐतिहासिक बग्गियां-तांगे, ओपल एस्ट्रा और जीप भी होंगी प्रदर्शित, डॉक्यूमेंट्री से दिखेगा जीवन संघर्ष : ठाकुर विक्रम सिंह
भिवानी, 22 अक्तूबर : भिवानी में पूर्व वित्त एवं सहकारिता मंत्री ठाकुर बीर सिंह की 102वीं जयंती को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आगामी 25 अक्टूबर को स्थानीय शकुंतला गार्डन में इस जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसके संबंध में ठाकुर विक्रम सिंह और कुणाल जीत सिंह ने जानकारी साझा की है। ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि जयंती समारोह को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लगभग 7 से 8 हजार लोगों के बैठने, खाने और पीने की पुख्ता व्यवस्था की गई है ताकि दूर-दूर से आने वाले मेहमानों और समर्थकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही, शकुंतला गार्डन में लगभग 2 से 3 हजार कुर्सियों और सोफों की अलग से व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि समारोह में देश और प्रदेश के कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे। जिसमें बतौर मुख्यअतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रभारी राजस्थान संजय भाटिया शिरकत करेंगे तथा विशेष अतिथि के तौर पर भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली पहुंचेंगे। इनके अलावा सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ, विधायक कपूर वाल्मीकि, विधायक उमेद पातुवास, विधायक सुनील सांगवान, महेंद्रगढ़ से विधायक कंवर सिंह यादव, चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप और समाजसेवी रवि चौहान गोठड़ा सहित कई अन्य विधायक, भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक व राजदीप चरखी दादरी, नंबरदार, सरपंच और पार्षदगण उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस जयंती समारोह का मुख्य आकर्षण वह ऐतिहासिक बग्गियां और तांगे रहेंगे जिन्हें ठाकुर बीर सिंह ने अपने समय में लंदन और अमेरिका से इम्पोर्ट किया था। ठाकुर बीर सिंह इसी बग्गी का उपयोग कर अदालत, धर्मशाला और लोगों से मिलने-मिलने जाते थे। इसके अलावा, उनकी ओपल एस्ट्रा और जीप जैसी गाडिय़ां भी मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। आयोजकों द्वारा ठाकुर बीर सिंह के जीवन संघर्ष, उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों सडक़ निर्माण, स्कूलों का अपग्रेडेशन और बचपन से लेकर अंतिम समय तक के सफर पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री भी तैयार की जा रही है, ताकि युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा मिल सके। ठाकुर विक्रम सिंह और कुणाल जीत सिंह ने क्षेत्र के सभी लोगों से अपील की है कि वे 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शकुंतला गार्डन भिवानी पहुंचकर अपने महान नेता ठाकुर बीर सिंह को अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें और इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।