चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय,भिवानी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026' के दूसरे दिन जमकर थिरके युवा कलाकार, मंचों पर बिखरी सांस्कृतिक छटा
*झोझू कलां (चरखी दादरी), 23 अक्टूबर 2026*
चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी के *8वें विश्वविद्यालय युवा महोत्सव 'उत्कर्ष-2026'* के दूसरे दिन आज महिला महाविद्यालय, झोझू कलां में प्रतिभा का सैलाब उमड़ पड़ा। चारों मंचों पर दिनभर चली प्रतियोगिताओं में युवा कलाकारों ने जमकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने शिरकत की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार श्री राजू पंडित, डीन प्रो. ललिता गुप्ता एवं डीन प्रो. संजीव कुमार उपस्थित रहे।
युवा महोत्सव के सायंकालीन सत्र में मुख्य अतिथि आईजीयू मीरपुर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह एवं विशिष्ट अतिथि असम के तिनसुकिया जिला परिषद सीईओ श्रीमती लिजा तालुकदार ने विद्यार्थी कलाकारों का मार्गदर्शन किया।
कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि युवा महोत्सव जैसे मंचों से ही बड़े कलाकार उभर कर आते हैं। शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। इस तरह के मंच पर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता। नई शिक्षा नीति में भी हॉलिस्टिक डेवलपमेंट को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि यूनीफेस्ट लाइफ लॉन्ग मेमोरी रहती है।उन्होंने मेजबान महिला महाविद्यालय, प्रबंधन समिति एवं आयोजन कमेटी की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए सराहना की। सुप्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार श्री राजू पंडित ने युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों में करियर के प्रति प्रेरित किया।
डीन प्रो. ललिता गुप्ता ने कहा कि आज नए-नए शब्दों और तकनीक के कारण युवा की परिभाषा बदल रही है, लेकिन सांस्कृतिक मूल्य ही युवाओं को सही दिशा देते हैं।
डीन प्रो. संजीव कुमार ने अपने अंदाज में एक गीत की प्रस्तुति देकर युवाओं को प्रोत्साहित किया, जिस पर पूरे पंडाल ने तालियों से उनका स्वागत किया।
दूसरे दिन युवा महोत्सव उत्कर्ष में मुख्य आकर्षण नृत्य एवं संगीत की विधाएं रहीं। एकल शास्त्रीय नृत्य, हरियाणवी लोक नृत्य, समूह लोक नृत्य और पश्चिमी नृत्य में प्रतिभागियों ने ढोलक की थाप पर जमकर ठुमके लगाए। छात्राओं के घाघरा-चोली और युवाओं के कुर्ता-धोती में हरियाणवी फाग प्रस्तुति ने हरियाणवी संस्कृति की झलक दिखाई।
वहीं शास्त्रीय गायन, लोकगीत, समूह गायन और वेस्टर्न सोलो की मधुर स्वर लहरियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा नाटक, माइम, मिमिक्री, एकल अभिनय, वाद-विवाद, कविता पाठ तथा ललित कला के तहत पोस्टर मेकिंग, रंगोली, कार्टूनिंग, क्ले मॉडलिंग व फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं।
प्राचार्य एवं मुख्य संयोजक डॉ. राज पाल ने कॉलेज की ओर से सभी अतिथियों एवं 29 महाविद्यालयों से आए प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अंत में आयोजन सचिव डॉ. पूनम ने सभी अतिथियों, निर्णायक मंडल एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर समिति के प्रधान एडवोकेट सुरेंद्र पाल,प्राचार्य डॉ संजय गोयल,
उपाध्यक्ष सूबेदार गदर सिंह,महासचिव सुशील कुमार कोषाध्यक्ष कैप्टन मांगेराम, मास्टर रामनिवास शर्मा, राज सिंह सरपंच, धर्मपाल झोझू, अत्तर सिंह बलाली,रमेश वशिष्ठ,सतेंद्र , सह-संयोजक डॉ. मंजू युवा कल्याण निदेशालय से डॉ. सोनल शेखावत,डॉ प्रोमिला सुहाग,डॉ हरिकेश,योगेश फोगाट जेई, सहित विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों सहित प्रतिभागी विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 23, 2026