जनपद पंचायत सभागार मोहखेड़ में माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के तहत कार्यशाला संपन्न
समाज कार्य के छात्रों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का लिया प्रशिक्षण
===========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के माध्यम से संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत समाज कार्य स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम के तहत माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान के अंतर्गत आज कार्यशाला का आयोजन जनपद पंचायत सभागार मोहखेड़ में किया गया। कार्यशाला में समाज कार्य पाठ्यक्रम के छात्रों ने मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
कार्यशाला का आयोजन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान को प्रायोगिक ग्रामों तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया गया। मूर्ति कलाकार श्री अनिल पाठक ने प्रतिभागियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिमा निर्माण की विभिन्न विधियों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को स्वयं मिट्टी के गणेश बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
विकासखंड समन्वयक श्री भवानी प्रसाद कुमरे ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं पर्यावरण के अनुकूल होती हैं और इनके विसर्जन से जलस्रोतों में प्रदूषण की समस्या को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में पर्यावरण मित्र श्री कैलाश सोनेवार ने अपने विचार साझा करते हुए बताया कि पीओपी एवं रासायनिक कलर युक्त मूर्तियों से जलीय जीवों का अस्तित्व खतरे में पड़ता है। इसलिए जलीय जैवविविधता को संरक्षित रखने के लिए माटी के गणेश की प्रतिमा स्थापित करनी चाहिए। इससे जल प्रदूषण नियंत्रित होने के साथ ही धन का अपव्यय भी कम होगा। उन्होंने राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता में सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया।
सेक्टर क्रमांक 01 की नवांकुर संस्था वसुंधरा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष श्री रोशन बिसेन ने माटी गणेश-सिद्ध गणेश अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान परामर्शदाता श्रीमती आरती माटे एवं श्री मदन चौधरी ने उन्मुखीकरण कक्षा में अपने प्रायोगिक ग्रामों में गतिविधियों के संचालन तथा विद्यार्थी एप पर गतिविधि अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। कार्यशाला में बीएसडब्ल्यू एवं एमएसडब्ल्यू के छात्रों की सक्रिय सहभागिता रही।
11 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Sep 13, 2026