सरकार आपके द्वार पहुंचकर सुन रही जनता की समस्याएं- राज्यमंत्री श्री लोधी
===
पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें, यही जन विश्वास अभियान का उद्देश्य - कलेक्टर श्री यादव
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत तारादेही में आयोजित हुआ जनविश्वास शिविर, अधिकारियों ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
==
समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश,
==
वन एवं राजस्व भूमि विवादों के समाधान पर दिया जोर
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत तारादेही में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित निराकरण का प्रयास किया। जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें समय-सीमा में हल करने का आश्वासन दिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान करने की पहल कर रही है। इस आशय की बात संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने तारादेही में आयोजित जन विश्वास शिविर में आमजन को संबोधित करते हुए कही।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा पहले छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ग्रामीणों को जिला मुख्यालय दमोह के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है, शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया की गई।
उन्होने कहा वन भूमि और राजस्व भूमि से जुड़े विवाद इस क्षेत्र की प्रमुख समस्या है, कई मामलों में राजस्व विभाग और वन विभाग के रिकॉर्ड में भूमि को लेकर अलग-अलग स्थिति सामने आती है। इससे आम नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है। इन समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्टर एवं डीएफओ को आपसी समन्वय से बैठकर प्रकरणों का निराकरण करने की आवश्यकता है।
श्री लोधी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन को योजनाओं की पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी स्पष्ट रूप से दें, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उदाहरण देते हुए बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल के लिए निर्धारित 80 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र आवश्यक है। ऐसे में संबंधित व्यक्ति को पात्रता की जानकारी पहले ही समझाई जानी चाहिए।
इस अवसर पर शिविर में लाडली लक्ष्मी योजना, संभल के हितग्राहियों के साथ ही प्रधानमंत्री आवास के स्वीकृति पत्र का वितरण राज्यमंत्री एवं अतिथियों के द्वारा किया गया।
झापन नाला जलाशय से 20-25 गांवों को मिलेगा सिंचाई का लाभ
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा झापन नाला जलाशय का प्रस्ताव कैबिनेट से स्वीकृत हो चुका है। शीघ्र ही इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। जलाशय बनने से क्षेत्र के लगभग 20 से 25 गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेतों तक पानी पहुंच सकेगा। इस परियोजना को क्षेत्र के किसानों की समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वन भूमि के कारण अटके प्रधानमंत्री आवास के मामलों का होगा समाधान
राज्यमंत्री ने बताया हर्रई में लगभग 50 प्रधानमंत्री आवास ऐसे हैं, जिनकी पहली किस्त जारी होने के बाद भूमि वन विभाग की होने की जानकारी सामने आई, जिसके कारण अगली किस्तें अटक गई हैं। इस समस्या के समाधान के लिए डीएफओ एवं सीईओ को समन्वय बनाकर उचित निराकरण करने की बात कही। उन्होने क्षेत्र में वर्षों से वन भूमि पर निवास एवं खेती कर रहे लोगों की समस्याओं का भी संवेदनशीलता से समाधान निकालने पर जोर दिया ।
72 हजार लाड़ली बहनों को प्रतिमाह मिल रहे 1500 रुपये
राज्यमंत्री ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि लाड़ली बहना योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र की लगभग 72 हजार महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 1500 रुपये की राशि भेजी जा रही है। इस प्रकार प्रत्येक हितग्राही महिला को सालाना 18 हजार रुपये मिल रहे हैं। वहीं किसान सम्मान निधि के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की सहायता मिल रही है। सरकार आमजन के आर्थिक सशक्तीकरण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
आवेदन लेना नहीं, समस्याओं का प्रभावी निराकरण करना
प्रशासन की प्राथमिकता- कलेक्टर श्री यादव
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि शासन द्वारा क्षेत्र के विकास, आमजन का जीवन स्तर बेहतर बनाने और उनकी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है या नहीं, कोई पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित तो नहीं है, इसकी जानकारी प्राप्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा अभियान के अंतर्गत 27 ग्राम पंचायतों को सम्मिलित किया गया तथा 27 जिला स्तरीय अधिकारियों के दल गठित किए गए। इन दलों ने गांव-गांव पहुंचकर स्कूल, आंगनवाड़ी, राशन दुकान, छात्रावास, शासकीय कार्यालयों एवं विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन किया गया, जिससे वास्तविक स्थिति की जानकारी जिला स्तर, विभागीय स्तर और भोपाल स्तर तक पहुंच सके। इसमें स्कूल समय पर खुलने, पढ़ाई होने, पुस्तकों का वितरण, राशन वितरण, आंगनवाड़ी संचालन, छात्रावासों में सुविधाओं तथा विद्युत व्यवस्था जैसी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। यदि कहीं सरकारी तंत्र या निचले स्तर के कर्मचारियों की कमी के कारण पात्र हितग्राही को लाभ नहीं मिल पा रहा है, तो उसे तत्काल लाभ दिलाया जाए। साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदारी निर्धारित कर प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित न हो।
उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि यहां केवल आवेदन प्राप्त करने के लिए काउंटर नहीं लगाए गए हैं, बल्कि आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। आवेदक इस उम्मीद से यहां आते हैं कि उनकी समस्या का निराकरण होगा और उन्हें न्याय मिलेगा। इसलिए प्रत्येक आवेदन को सकारात्मक दृष्टिकोण से लेते हुए समय-सीमा में निराकरण किया जाए, जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए और शासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।
नहरों की सफाई और टूटे वाल्व को तत्काल ठीक करने के निर्देश
कलेक्टर ने किसानों की समस्याओं पर गंभीर नाराजगी जताते हुए कहा कि नहरों की सफाई नहीं होने और वाल्व टूटे होने के कारण खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा फसल बोने का समय निर्धारित है और किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी मिलना आवश्यक है। इसके बावजूद विभाग द्वारा समय पर नहरों की सफाई और वाल्व की मरम्मत नहीं कराना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने कहा तालाब का पानी खेतों तक पहुंचाने के बजाय नदी में बहाए जाने की शिकायत भी सामने आई है, जबकि शासन जल संरक्षण और जल संचय को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल वाल्व ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके लिए प्लंबर और वेल्डर बुलाकर मरम्मत कार्य कराने तथा जिन नहरों की सफाई नहीं हुई है, उन्हें भी तत्परता से दुरुस्त करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।