डीएम ग्रीवांस सेल में लंबित शिकायतों पर तीन अधिकारियों से स्पष्टीकरण
* शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन एवं जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने में विलंब पर स्पष्टीकरण का निर्देश।
जिला पदाधिकारी श्री समीर सौरभ की उपस्थिति में आयोजित डीएम ग्रीवांस सेल की समीक्षा बैठक में शिकायतों के निष्पादन एवं जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने में विलंब को गंभीरता से लिया गया। समीक्षा के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचदेवरी द्वारा निर्धारित समय-सीमा में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का मामला सामने आया।
गौरतलब है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्तर पर पांच शिकायतों के जांच प्रतिवेदन लंबित पाए गए। इनमें पी०एम० श्री हजारी लाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, बलिवन सागर में प्रभार हस्तांतरण, रानी सरिसवा के रोहित गुप्ता एवं अन्य की शिकायत, संजय कुमार माली का परिवाद, फर्जी शिक्षक नियोजन से संबंधित आनंद कुमार पाण्डेय की शिकायत तथा जनार्दन राजभर के आवेदन शामिल हैं।
वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी के द्वारा आस मुहम्मद, ग्राम सिसवा अब्बल, कुशीनगर की शिकायत पर लगभग एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी जांच प्रतिवेदन उपलब्ध नहीं कराया गया था।
इसी प्रकार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचदेवरी द्वारा सुरेन्द्र राम एवं अन्य की सड़क निर्माण से संबंधित शिकायत पर पूर्व में उपलब्ध कराए गए अंचल अधिकारी के प्रतिवेदन को ही पुनः संलग्न कर भेजा गया, जबकि सड़क निर्माण के संबंध में की गई अग्रेतर कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
उक्त मामलों को लेकर जिला पदाधिकारी ने तीनों अधिकारियों से पत्र प्राप्ति के 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया है।
#samratchudhary #JantaDarbar #Gopalganj #BiharGovernment #IPRDBihar