तुतला भवानी से लौट रहे CRPF जवान की सड़क हादसे में मौत, पत्नी-बच्चों समेत छह घायल
सासाराम। रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र के निमियाडीह गांव के समीप शनिवार की दोपहर टेंपो और बोलेरो की जोरदार टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। हादसे में जवान की पत्नी, दो बच्चों समेत टेंपो सवार छह अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक की पहचान काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव निवासी भिखारी ठाकुर के करीब 40 वर्षीय पुत्र कंचन ठाकुर के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि कंचन ठाकुर छुट्टी पर घर आए हुए थे। शनिवार की सुबह वह पत्नी और दो बच्चों के साथ तिलौथू स्थित मां तुतला भवानी धाम में दर्शन-पूजन के लिए गए थे। दर्शन के बाद दोपहर में परिवार के साथ टेंपो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निमियाडीह गांव के टेढ़का मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित बोलेरो ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो हवा में उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हादसे में जवान की पत्नी, छह वर्षीय पुत्र और चार वर्षीय पुत्री समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।