नए राशन कार्ड बनाने में जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील, अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न
लखीसराय। अनुमंडल कार्यालय, लखीसराय में गुरुवार को अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं आपूर्ति विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जन वितरण प्रणाली में आ रही समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके त्वरित समाधान एवं प्रभावी निष्पादन के लिए सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई, जिसका परिणाम संतोषजनक बताया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बिना पूर्व सूचना के बैठक से अनुपस्थित रहने वाले संबंधित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का भी निर्देश दिया।
बैठक में नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने समिति के सभी जनप्रतिनिधियों एवं नामित सदस्यों से पात्र लाभुकों की पहचान कराने तथा राशन कार्ड निर्माण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
बैठक में अनुश्रवण समिति के सदस्य, विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख, जिला परिषद सदस्य, नामित सदस्य, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव अतुल कुमार, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं सहायक गोदाम प्रबंधक उपस्थित रहे।
Lakhisarai, Lakhisarai | Jul 16, 2026