राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान हेतु जिले में सभी तैयारियाँ पूर्ण
जन-जागरूकता रैली निकालकर किया गया जन-आह्वान
राष्ट्रीय पल्स पोलियो कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 28 से 30 जून 2026 तक विशेष पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 2 लाख 13 हजार 504 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का उद्देश्य निर्धारित किया गया है। अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिले में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1,185 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 424 बूथ टीमें, 610 घर-घर भ्रमण टीमें, 44 ट्रांजिट टीमें तथा 7 मोबाइल टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अभियान की सतत निगरानी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए मॉनिटरिंग एवं सुपरवाइजरी टीमों का भी गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्व में ही प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पोलियो वैक्सीन, आईस पैक, वैक्सीन कैरियर एवं अन्य आवश्यक लॉजिस्टिक सामग्री का वितरण भी पूर्ण कर लिया गया है, जिससे अभियान का संचालन सुचारू एवं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
जन-जागरूकता रैली निकालकर नागरिकों से किया गया सहयोग का आह्वान
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने एवं शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को जिला मुख्यालय झाबुआ में विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली राजवाड़ा चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों एवं बस स्टैंड क्षेत्र से होते हुए जिला चिकित्सालय झाबुआ पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एन.के. पठान, डॉ. देवेंद्र भायल एवं डॉ. हेमंत देवड़ा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, मीडिया प्रभारी श्री प्रेम कुमार डेनियल, जिला टीकाकरण दल के सदस्य, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों द्वारा जागरूकता नारों एवं संदेशों के माध्यम से नागरिकों को अपने बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाने हेतु प्रेरित किया गया।
प्रथम दिवस बूथों पर एवं अगले दो दिन घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
अभियान के प्रथम दिवस 28 जून 2026 को जिले के सभी निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। इसके पश्चात 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर ऐसे बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का कार्य करेंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाए होंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एल. चोपड़ा ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को अभियान के प्रथम दिवस अपने नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं तथा उन्हें पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश बूथ तक पहुंचना संभव न हो तो घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को सहयोग प्रदान करते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सक्रिय सहयोग ही भारत को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Directorate of Health Services, Madhya Pradesh #jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Jun 27, 2026