महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने निर्माणाधीन ‘सखी निवास’ का किया निरीक्षण
कामकाजी महिलाओं एवं उनके बच्चों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने झाबुआ में निर्माणाधीन ‘सखी निवास’ (वर्किंग वुमन हॉस्टल) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सुश्री भूरिया ने भवन के विभिन्न कक्षों, आवासीय व्यवस्थाओं एवं परिसर का अवलोकन करते हुए कामकाजी महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री सुश्री भूरिया ने महिलाओं के स्वास्थ्य एवं मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए परिसर में बैडमिंटन कोर्ट विकसित करने तथा कैरम बोर्ड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही कामकाजी माताओं के बच्चों के लिए आरक्षित प्ले हॉल में खिलौने एवं आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे बच्चों को सुरक्षित एवं आनंददायक वातावरण मिल सके।
मंत्री सुश्री भूरिया ने भवन के खुले स्थान (ओपन स्पेस) को डोम से कवर करने के निर्देश दिए, ताकि सभी मौसमों में उक्त स्थान का सुविधाजनक उपयोग किया जा सके। साथ ही परिसर को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाने के लिए पेड़-पौधे लगाने के निर्देश भी दिए।
5 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा ‘सखी निवास’ का निर्माण
कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की ‘स्कीम फॉर स्पेशल असिस्टेंस फॉर स्टेट्स फॉर कैपिटल इन्वेस्टमेंट’ के अंतर्गत झाबुआ के रतनपुरा क्षेत्र में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से ‘सखी निवास’ का निर्माण किया जा रहा है। कुल 0.50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे इस दो मंजिला भवन में 50 कामकाजी महिलाओं के लिए आवासीय व्यवस्था रहेगी।
‘सखी निवास’ के संचालन से जिले में शासकीय एवं निजी क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध होगा। यह पहल जनजातीय अंचल में महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सुश्री मोनिका बघेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।