नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव, नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट का आयोजन
युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, कठपुतली कला के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
जहानाबाद : मेरा युवा भारत, जहानाबाद के तत्वावधान में शनिवार को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जागरूक कर विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कायनात इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक एवं समाजसेवी शकील अहमद काकवी उपस्थित रहे। इस दौरान युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में मादक पदार्थों के दुरुपयोग तथा इससे होने वाले सामाजिक नुकसान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ उनके भविष्य और परिवार पर भी प्रतिकूल असर डालता है।
जिला युवा अधिकारी हिमांशु कुमार ने युवाओं को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए शिक्षा, खेल, कौशल विकास और सामाजिक सेवा जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। समाजसेवी सुरेंद्र जी एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के हरिशंकर जी ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं, परिवारों और समुदाय की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन काशिफ रजा ने कठपुतली कला के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। वहीं, एमडी बेलाल अहमद अंसारी ने युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर लखनऊ के सिटी मोंटेसरी स्कूल में आयोजित होने वाले 23वें सीओएफएएस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे कायनात इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। उनके सफल प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्वच्छता गतिविधि आयोजित की गई। इसके माध्यम से युवाओं को स्वच्छ, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। मेरा युवा भारत, जहानाबाद की ओर से युवाओं को नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।