जहानाबाद में राज्य स्तरीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता शुरू, 130 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
नौ प्रमंडलों और एकलव्य केंद्र के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन
जहानाबाद : शहर के खेल भवन-सह-व्यायामशाला में शनिवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय भारोत्तोलन प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसमें बिहार के नौ प्रमंडलों और एकलव्य राज्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र के कुल 130 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में अपनी ताकत और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुई। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग संगीत और कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया। प्रतियोगिता में दरभंगा, पूर्णिया, कोशी, भागलपुर, सारण, तिरहुत, पटना, मगध और मुंगेर प्रमंडलों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। खिलाड़ियों को अनुशासन, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में बिहार भारोत्तोलन संघ के चेयरमैन अरुण कुमार केसरी और अध्यक्ष अरुण कुमार ओझा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
पहले दिन दो भार वर्गों में मुकाबला
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-17 बालक वर्ग के 56 किलोग्राम और अंडर-17 व अंडर-19 बालक वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। इन स्पर्धाओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों के परिणाम अगले दिन घोषित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगिता के सफल संचालन और खिलाड़ियों की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।